आपसी सौहार्द्र के साथ नगर निगम परिवार का होली मिलन समारोह संपन्न

  • Share on :

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों की रही विशेष मौजूदगी
जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी। रंगों के पावन पर्व होली के उपलक्ष्य में नगर निगम परिवार का होली मिलन समारोह रविवार को कटाए घाट स्थित सुरम्य पार्क में हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द्र के साथ गरिमापूर्ण माहौल के बीच आयोजित किया गया। 
रंग पंचमी के अवसर पर कटाए घाट सुरम्य पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक,पुलिस अधीक्षक , वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार ,निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार,एडीएम नीलांबर मिश्र,एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी,नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया,उपायुक्त शैलेश गुप्ता, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, पार्षदगण, मीडिया बंधुओं की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली एवं रंग पंचमी पर्व की शुभकामनाएं दीं और प्रेम, भाईचारे तथा सद्भाव का संदेश दिया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि होली का पर्व समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव को बढ़ाने वाला पर्व है। ऐसे आयोजन आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने के साथ ही कार्यस्थल पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी को होली एवं रंगपंचमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम परिवार शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एक टीम के रूप में कार्य कर रहा है। ऐसे अवसर आपसी समन्वय और सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने मिलकर उत्सव का आनंद लिया तथा हर्षोल्लास के साथ होली मिलन समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए होली एवं रंगपंचमी पर्व की खुशियां साझा की।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper