कोतवाली पुलिस नेतृत्व तत्परता दिखाते हुए चंद घंटों में मासूम को सकुशल खोज निकाला, माता-पिता को सौंपा

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा
 कटनी ।आगामी रक्षाबंधन पर्व को लेकर कटनी शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसी दौरान कटनी बाजार में खरीदारी करने आए एक परिवार का 03 वर्षीय मासूम बालक अचानक भीड़ के बीच से लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बावजूद बालक का कोई पता नहीं चलने पर परिवार में घबराहट का माहौल निर्मित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की सीमा से लगे ग्राम झुकेही, थाना अमदरा, जिला मैहर निवासी सूर्य प्रताप सिंह अपनी पत्नी एवं 03 वर्षीय पुत्र शौर्य सिंह के साथ रक्षाबंधन की खरीदारी करने कटनी बाजार आए थे। बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण खरीदारी के दौरान उनका मासूम बालक खेलते-खेलते अचानक उनकी नजरों से ओझल हो गया। कुछ समय बाद जब परिजनों ने आसपास बालक को आवाज लगाकर तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मासूम के अचानक लापता होने से परिजन बेहद परेशान हो गए। घटना की सूचना आसपास मौजूद लोगों द्वारा तत्काल थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी द्वारा बिना समय गंवाए बालक की फोटो पुलिस स्टाफ एवं थाना ग्रुप में प्रसारित कर सभी पुलिसकर्मियों को बाजार क्षेत्र में बालक की तलाश के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा बालक की फोटो के आधार पर बाजार के विभिन्न स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं आसपास के मार्गों पर सघन तलाश प्रारंभ की गई।
कोतवाली पुलिस की तत्परता एवं समन्वित प्रयासों का परिणाम रहा कि चंद घंटों के भीतर पुलिस टीम ने मासूम शौर्य सिंह को सकुशल खोज निकाला। बालक के सुरक्षित मिलने की सूचना तत्काल उसके पिता सूर्य प्रताप सिंह को फोन के माध्यम से दी गई तथा उन्हें थाना कोतवाली बुलाया गया। सूचना मिलते ही बालक के माता-पिता थाना कोतवाली पहुंचे, जहां आवश्यक औपचारिकता पूर्ण करने के उपरांत मासूम शौर्य सिंह को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।
अपने मासूम बच्चे को सकुशल पाकर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने कोतवाली पुलिस द्वारा दिखाई गई त्वरित तत्परता, संवेदनशीलता एवं सक्रियता की प्रशंसा करते हुए पुलिस विभाग का हृदय से आभार व्यक्त किया।

पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका- 
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में उनि. कुलदीप सिंह, महिला प्र.आर. रीता सिंह, आर. अमित सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह एवं एनआरएस सदस्य निधि चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोतवाली पुलिस की अपील- 
त्यौहारों के दौरान बाजारों में अत्यधिक भीड़ रहती है। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि छोटे बच्चों को बाजार अथवा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अकेला न छोड़ें तथा उनकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस थाने को सूचना दें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper