खनियाधाना रियासत के अंतिम शासक कुंवर भानुप्रताप सिंह जूदेव का निधन, क्षेत्र में शोक
15 अगस्त के कार्यक्रम रद्द, बाजार बंद रहेगा, अंतिम यात्रा कल सुबह 10:30 बजे
अतुल जैन
खनियाधाना। शिवपुरी जिले के खनियाधाना अंचल में शुक्रवार को खनियाधाना रियासत के अंतिम शासक और पिछोर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कुंवर भानुप्रताप सिंह जूदेव बुंदेला का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
कुंवर भानुप्रताप सिंह जूदेव क्षेत्र के प्रतिष्ठित राजपरिवार से संबंध रखते थे। वे लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन पर जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
(15 अगस्त के कार्यक्रम रद्द)
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिछोर के अध्यक्ष अनिल डेंगरे गुप्ता ने बताया कि महाराज साहब के निधन के कारण 15 अगस्त को होने वाले सभी सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। अब केवल सुबह 7:30 बजे अशोक स्तंभ स्मारक, कॉलेज गेट के पास ध्वजारोहण किया जाएगा। इस दौरान दिवंगत महाराज साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
(अंतिम यात्रा और बाजार बंद)
स्वर्गीय भानुप्रताप सिंह जूदेव की अंतिम यात्रा 15 अगस्त को सुबह 10:30 बजे खनियाधाना राजमहल से नरसिंह तालाब राजघाट के लिए रवाना होगी।
उनके सम्मान में 15 अगस्त को खनियाधाना का बाजार पूरी तरह बंद रखने की सूचना भी जारी की गई है।

