माफियाओं में नहीं किसी का डर निजी भूमि को बनाया अबैध कोयले का गढ़

  • Share on :

प्रदीप सिंह बघेल 
शहडोल। जिले में खनन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे दिनदहाड़े लोगों की निजी जमीन में घुसकर अवैध रूप से कोयले का उत्खनन कर रहे हैं। ताजा मामला बुढार थाना क्षेत्र के नवाटोला का है, जहां एक पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसकी जमीन में जबरन सुरंग बनाकर कोयला निकाला जा रहा है, जिसकी शिकायत उसने पुलिस से की है।

शिकायतकर्ता ओमप्रकाश साकेत ने बताया कि उनकी पट्टे की जमीन, जिसका खसरा नंबर 732/2/5 है, पर लगातार अवैध तरीके से सुरंग बनाकर कोयला निकाला जा रहा है। उन्होंने कई बार खनन कर रहे लोगों को रोकने की कोशिश की, लेकिन माफिया मानने को तैयार नहीं हैं। उल्टा अब उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है।

पीड़ित ने बताया कि स्थिति इतनी गंभीर है कि उन्होंने मौके पर डायल 112 को भी बुलाया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के बाद भी खनन माफियाओं के हौसले कम नहीं हुए। कुछ समय बाद ही फिर से उसी जगह नई सुरंग बनाकर कोयले का उत्खनन शुरू कर दिया गया।

ओमप्रकाश साकेत का कहना है कि उनकी निजी जमीन में लगातार सुरंग बनाई जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी। पुलिस और खनिज विभाग की निष्क्रियता पर भी उन्होंने नाराजगी जताई है।

खनन रोकने में जब स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग नाकाम रहे, तो पीड़ित ने घटनास्थल से वीडियो बनाकर कार्रवाई की मांग की है। इस पूरे मामले में खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस मामले की जानकारी नहीं है और वे छुट्टी पर हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper