स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर निगमायुक्त ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपे दायित्व
समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक के कार्यवाही विवरण के आधार पर निगमायुक्त तपस्या परिहार (IAS) द्वारा निगम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउंड, झिंझरी, कटनी में आयोजित किया जाएगा। वहीं निगम से संबंधित व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए श्रीमती प्रियंका झारिया, उपायुक्त नगर पालिक निगम कटनी को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
ध्वजारोहण स्थलों की सफाई से लेकर मंच व्यवस्था तक की जिम्मेदारी
निर्देशों के तहत शहर में जहां-जहां परंपरागत रूप से ध्वजारोहण किया जाता है, वहां साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत, रंगाई-पुताई एवं अन्य व्यवस्था सुनिश्चित की जाएंगी। प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं ध्वजारोहण स्थलों की स्वच्छता के साथ कीटनाशक दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा।
समारोह स्थल पर मंच, साउंड सिस्टम, माइक, कुर्सियां, सोफा, दर्शकों के लिए एलईडी स्क्रीन, शामियाना तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्षा काल को ध्यान में रखते हुए मंच एवं अन्य व्यवस्थाओं को भी आवश्यकतानुसार सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
पुलिस लाइन ग्राउंड में व्यापक व्यवस्थाएं
पुलिस लाइन ग्राउंड झिंझरी में समतलीकरण, परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आवश्यक ध्वनि विस्तारक यंत्र, ध्वज दण्ड की पुताई, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। समारोह स्थल पर माइक एवं परेड कमांडर के लिए अंडरग्राउंड माइक की व्यवस्था समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

