नन्हीं नीलाक्षी की मदद के लिए आगे आया मुस्लिम समुदाय, मस्जिदों से की आर्थिक सहयोग की अपील

  • Share on :

अब्दुल रफीक खान अप्पल और शाहिद भाई की पहल, डेढ़ साल की बच्ची के इलाज के लिए समाज से मदद की गुहार
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। इंसानियत और सामाजिक सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए शिवपुरी के मुस्लिम समुदाय ने गंभीर बीमारी से जूझ रही डेढ़ साल की नीलाक्षी की मदद के लिए पहल की है। शहर की मस्जिदों के माध्यम से लोगों से बच्ची के इलाज के लिए आर्थिक सहयोग की अपील की गई। इस नेक पहल में अब्दुल रफीक खान अप्पल और शाहिद भाई की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है।

नीलाक्षी शिवपुरी निवासी मुकेश शुक्ला की नातिन है, जो ग्वालियर में अपने परिवार के साथ रहती है। नन्ही नीलाक्षी SMA Type-2 जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है। उसके इलाज के लिए परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। इस कठिन समय में परिवार को उम्मीद है कि समाज के लोग आगे आकर उसकी मदद करेंगे।

मजहब से ऊपर इंसानियत का संदेश
नीलाक्षी की मदद के लिए मुस्लिम समुदाय की इस पहल ने सामाजिक एकजुटता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे जाति, धर्म और मजहब से ऊपर उठकर एक मासूम बच्ची की जिंदगी बेहतर बनाने के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करें।

इस पहल के जरिए यह संदेश भी दिया जा रहा है कि किसी जरूरतमंद की मदद करना सबसे बड़ा मानवीय धर्म है। जिस तरह रामायण में भगवान श्रीराम के सेतु निर्माण में गिलहरी सहित सभी ने अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया था, उसी भावना के साथ हर व्यक्ति का छोटा-सा सहयोग भी इस मुहिम को मजबूती दे सकता है।

आर्थिक सहयोग और अपील
नीलाक्षी के परिवार को इस मुश्किल घड़ी में आर्थिक मदद की जरूरत है। ऐसे में समाजसेवियों, नागरिकों और सक्षम लोगों से आगे आकर सहयोग करने की अपील की गई है। जो लोग आर्थिक सहायता नहीं कर सकते, वे इस अपील को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर भी मददगार बन सकते हैं।

सहायता के लिए PhonePe नंबर:
- 9098131931
- 7000467836
मदद की यह पहल एक मासूम बच्ची और उसके परिवार के लिए उम्मीद की किरण बन सकती है। अब जरूरत है कि समाज के अधिक से अधिक लोग आगे आएं और नीलाक्षी के इलाज में अपनी भूमिका निभाएं।
इस नेक पहल में  लोकल ट्रक यूनियन के जिला अध्यक्ष अब्दुल रफीक खान अप्पल, शहीद मेवाती रशीद खान गुड्डू पत्रकार, अतीक खान, सादिक खान, आरिफ कुरैशी, इमरान खान KCC,  की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper