रोशनी और फूलों से सजा शीतला मंदिर परिसर, 1851 अखंड मनोकामना ज्योत होंगी प्रज्वलित
11 से 20 अक्टूबर तक होगा सर्वकल्याण नवरात्रि महोत्सव का आयोजन, श्रद्धालुओं में उत्साह
छुरा। नगर स्थित शीतला मंदिर परिसर में सर्वकल्याण नवरात्रि महोत्सव का आयोजन 11 से 20 अक्टूबर तक भक्तिभाव और उत्साह के साथ किया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंदिर समिति द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर, आसपास स्थित छोटे-छोटे मंदिरों और ज्योति कक्ष को रंग-बिरंगी रोशनी तथा फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। वहीं, ज्योति कक्ष में घी एवं तेल की लगभग 1851 अखंड मनोकामना ज्योत प्रज्वलित करने की व्यवस्था की गई है। महोत्सव को लेकर समाजजनों और क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
महोत्सव का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर को संध्या 7 बजे से होगा। इस दौरान रात्रि 9 बजे तक पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात अखंड मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की जाएंगी। श्रद्धालु माता रानी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर ग्राम में सुख-शांति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा जसगीत गाकर माता की आराधना की जाएगी।
पंचमी के बाद महिलाओं को मिलेगा प्रवेश
शीतला मंदिर परिसर में प्रचलित परंपरा के अनुसार, नवरात्रि की प्रतिपदा से पंचमी तक महिलाओं का मंदिर में प्रवेश वर्जित माना जाता है। पंचमी के बाद महिलाओं का मंदिर में प्रवेश प्रारंभ होगा, जिसके पश्चात वे माता की पूजा-अर्चना कर सकेंगी।
विकासखंड के गांवों में भी होगी मां दुर्गा की आराधना
नवरात्रि पर्व के अवसर पर विकासखंड छुरा के ग्राम लोहझर, रानीपरतेवा, सारगांव, पेंड्रा, कामराज, रवेली, जरगांव, पिपरछेड़ी, पांडुका, दादरगांव, चरोदा, कुसमी, चुरकीदादर, रक्सी, पत्तियां, तिलाईदादर, कुरूद, राजनकटा, खट्टी, बोदराबांध, मुंडागांव, गोंदलाबाहरा, साजापाली, खंडवा, रसैला, कोठीगांव, मेडकीडबरी, पंडरीपानी, खरखरा, देवरी, कुरेदादर, मोदीपानी, कनसिंघी, टेंगनाबासा और रावनाभाठा सहित विभिन्न गांवों में ग्रामवासियों, पटेलों एवं सरपंचों के सहयोग से मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की जाएगी।
त्योहारों को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर जोर
नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने भी यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में बैठक लेकर प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
मंदिर समिति की सक्रिय भागीदारी
शीतला मंदिर समिति के सरबराकार ओंकार शाह सहित ललित मेहता, नितेश दीक्षित, बजरंग पांडे, बजारूराम, कोमल सोनी, रंजन ध्रुव, सुभाष टाइगर, यशवेंद्र शाह, संतराम, योगेश प्रधान, विजय कंवर, के. सिंह, कौशल यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य महोत्सव की तैयारियों और आयोजन में योगदान दे रहे हैं।

