पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बेहद खराब

  • Share on :

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बेहद खराब हो गए हैं। असम में तो 1.75 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और वर्षाजनित घटनाओं में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। वहीं, पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग से लेकर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों को अभी बारिश का इंतजार है। इन राज्यों में अभी और दो दिन लू चलने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आसमान में हल्के बादल छा रहे हैं, लेकिन बूंदाबांदी के चलते उमसभरी गर्मी से हाल बेहाल है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह, पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिण उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, बिहार, पूर्वी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कहीं भारी तो कहीं बहुत अधिक मूसलाधार वर्षा हो रही है। असम में ब्रह्मपुत्र समेत कई सहायक नदियां उफान पर हैं और राज्य के नौ जिलों में पौने दो लाख से अधिक लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश में आगामी चार दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 28 और 29 जून को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान अंधड़ चलने की संभावना भी है। मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में बुधवार से और मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 27 जून से 1 जुलाई तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। इसी दौरान प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने के आसार भी हैं।
साभार अमर उजाला 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper