हितग्राही एवं रोजगार मूलक योजनाओं के लक्ष्य 31 मार्च तक हर हाल में पूरे किए जाएं : कलेक्टर श्री शिवम वर्मा
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में शासकीय अधिकारियों और बैंक अधिकारियों की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आज कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित हितग्राही एवं रोजगार मूलक योजनाओं तथा कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि सभी विभाग और बैंक आपसी समन्वय से कार्य करते हुए 31 मार्च तक आवंटित लक्ष्य हर हाल में पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में स्वीकृत कर ऋण वितरण की प्रक्रिया तेज की जाए। कोई भी प्रकरण बिना ठोस कारण के अस्वीकृत नहीं किया जाए। यदि किसी प्रकरण को अस्वीकृत किया जाता है तो उसका स्पष्ट कारण दर्ज करते हुए उसकी सूची अनिवार्य रूप से कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत की जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि प्राप्त सूची के आधार पर अस्वीकृत प्रकरणों की रेंडम समीक्षा की जाएगी। यदि समीक्षा के दौरान कोई ऋण प्रकरण अनुचित कारणों से अस्वीकृत पाया जाता है तो संबंधित बैंक अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि 31 मार्च तक लक्ष्य पूर्ण करने के लिए प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की बैंकवार समीक्षा करते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।

