इंदौर में 7 डिग्री पारे ने तोड़ा 37 साल पुराना रिकॉर्ड

  • Share on :

इंदौर। शहर में इन दिनों ठंड का असर तेजी से बढ़ गया है, खासकर रात के समय। लगातार तीसरे दिन सर्द रात ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शनिवार रात को तापमान आधा डिग्री और गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह तापमान औसत न्यूनतम तापमान से 9 डिग्री कम है। इस गिरावट के साथ ही इंदौर में 37 साल पुराना ठंड का रिकॉर्ड टूट गया है। रविवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, हालांकि दिन में धूप खिली रही।
मौसम विभाग के अनुसार, 37 साल पहले 30 नवंबर को इंदौर का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 2009 में 1 नवंबर को यह 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले 10 साल में नवंबर माह में इंदौर का न्यूनतम तापमान सामान्यतः 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहा है।
मौसम वैज्ञानिक अजय कुमार शुक्ला के अनुसार, वर्तमान में राजस्थान की ओर से ठंडी हवाएं आ रही हैं, जिससे यह स्थिति बनी है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी के कारण उत्तरी हवाएं सीधे मध्य प्रदेश की ओर आ रही हैं। इसी कारण नवंबर की शुरुआत में ही ठंड का पहला दौर शुरू हो गया है, जो अब लगातार बना रहेगा।
मौसम विभाग ने 10 नवंबर को इंदौर और आसपास के जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अब ठंड के साथ कोहरा भी बढ़ेगा। फिलहाल देर रात और तड़के सुबह ठंड अधिक महसूस हो रही है। सुबह के समय दिखने वाला हल्का कोहरा आने वाले दिनों में घना हो सकता है। शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जिससे अब दिन में भी ठंडक महसूस होने लगी है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper