स्वतंत्रता दिवस पर बुरहानपुर में शान से लहराया तिरंगा, कलेक्टर हर्ष सिंह ने किया ध्वजारोहण

  • Share on :

महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर। देशभर में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। बुरहानपुर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कलेक्टर हर्ष सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया।

ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर हर्ष सिंह ने मार्च-पास्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागड़ी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस जवान, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का भी श्रवण किया गया। मुख्यमंत्री के संदेश के दौरान प्रदेश के विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संकल्पों की जानकारी दी गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

नेहरू स्टेडियम में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। रंगारंग प्रस्तुतियों ने मौजूद अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया तथा पूरा स्टेडियम भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

समारोह के अंत में जिले में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कलेक्टर हर्ष सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर अधिकारी-कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला।

तिरंगे की शान, देशभक्ति का जुनून और सम्मानित हुए कर्मवीर—बुरहानपुर ने पूरे गौरव के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper