विजयराघवगढ़ शारदा माता मंदिर में चोरी का खुलासा दंपति को किया गिरफ्तार
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। विजयराघवगढ़ स्थित प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए विजयराधवगढ़ पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषणों समेत करीब 12 लाख रुपये का माल और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई है। इस गिरोह के पकड़े जाने से कटनी, सतना, सिवनी और दमोह जिलों की करीब एक दर्जन मंदिर व सूने मकानों में चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। 19 अगस्त की सुबह पुलिस टीम ने ग्राम पड़खुरी के पास घेराबंदी कर मैहर की ओर जा रही संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोका। कार में सवार राजा उर्फ मोहन साहू (42) और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू (40) (निवासी प्रेमनगर तिलक कॉलेज, थाना एनकेजे, कटनी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी का माल बेचने जाने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने बाल अपचारी पुत्र और साथी आदी बर्मन (निवासी परसवारा, वर्तमान में सिवनी जेल में बंद) के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
आरोपी कार से सफर करते थे। दो सदस्य ताला तोड़कर अंदर घुसते थे और दो बाहर निगरानी रखते थे।
आरोपियों ने विजयराघवगढ़ शारदा मंदिर के अलावा माधवनगर, बरही, बिलहरी, उचेहरा (सतना), एनकेजे, सिवनी और दमोह के विभिन्न मंदिरों व सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है।
जब्त सामग्री: 4 चांदी के मुकुट, 2 चांदी के छत्र, चांदी का कमरबंद, पायल, बिछिया, सोने का लॉकेट और स्विफ्ट डिजायर कार (कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये)।
मुख्य आरोपी राजा उर्फ मोहन साहू के खिलाफ विभिन्न थानों में 36 मामले, राजनंदनी साहू के खिलाफ 9 मामले और आदी बर्मन के खिलाफ 9 अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार दंपति को न्यायालय में पेश किया है। मामले में फरार बाल अपचारी की तलाश जारी है तथा सिवनी जेल में बंद आदी बर्मन को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

