जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक पांच दिन आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना

  • Share on :

दिल्ली। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सोमवार से फिर मौसम के मिजाज में बदलाव आने वाला है। जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 28 मार्च तक आंधी, तूफान और बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी हल्की से तेज बारिश हो सकती है। देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस से क्रमिक वृद्धि की संभावना है। 22 मार्च को देश में रायलसीमा के अनंतपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में सूरज का ताप बढ़ने वाला है। 
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 24-28 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 26 मार्च को कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। 24-27 मार्च तक हिमाचल प्रदेश और 26 और 27 मार्च को उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
यहां बढ़ेगा अधिकतम तापमान...मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। अगले 4-5 दिनों के दौरान मध्य भारत और आंतरिक महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं, अगले तीन दिन के दौरान गुजरात में पारा 2-3 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है और इसके बाद 2-3 डिग्री तक नीचे आ सकता है। 24 और 25 मार्च को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर लू भी चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा, रायलसीमा, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। इस दौरान उत्तर प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम और मेघालय में कहीं तूफानी तो कहीं तेज हवाएं भी चलीं। केरल और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश भी हुई है। अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
साभार अमर उजाला 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper