सेल्फी ले रहे युवकों से मारपीट और लूट का मामला: तीसरा आरोपी आबिद गिरफ्तार
इंदौर - 8 अगस्त की तड़के करीब 4 बजे सुल्लाखेड़ी-मांगलिया ब्रिज पर पांच युवक सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने दीपक नाम के युवक पर रॉड से हमला किया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद बदमाश युवकों की कार और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मामले में क्षिप्रा पुलिस ने अब तीसरे आरोपी आबिद उर्फ अल्लू पिता उमर खान, निवासी दुपाड़ा, जिला शाजापुर को गिरफ्तार किया है।
#सांवेर एसडीओपी सांवेर देवेंद्र धुर्वे ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आबिद उर्फ अल्लू देवास-उज्जैन रोड पर कहीं जाने के लिए खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आबिद को पकड़ लिया। पूछताछ में उसके द्वारा वारदात में शामिल होना स्वीकार किया गया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें कृष, संजय उर्फ शूटर और आबिद उर्फ अल्लू शामिल हैं। वहीं फरार आरोपी समीर और भगवान फुलेरिया, दोनों निवासी दुपाड़ा, जिला शाजापुर के संबंध में पुलिस पूछताछ और तलाश कर रही है।

