तिलक का 'तूफान' और अश्विनी का 'कहर': मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रनों से रौंदा

  • Share on :

अहमदाबाद। तिलक वर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रनों के अंतर से मात दी। सोमवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक की 101 रनों नाबाद पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। बता दें कि, यह मुंबई की रनों के अंतर से आईपीएल में उनकी चौथी सबसे बड़ी जीत है। वहीं, गुजरात दूसरी बार अपने सबसे छोटे स्कोर पर ऑलआउट हुई।
लगातार चार मैचों में हार के बाद यह मुंबई की पहली जीत है। वहीं, मौजूदा सत्र की दूसरी जीत के साथ हार्दिक पांड्या के नेतृत्व वाली टीम ने चार अंकों के साथ अंक तालिका में छलांग लगाकर सातवां स्थान हासिल कर लिया है। उनका नेट रन रेट भी +0.067 हो गया। वहीं, गुजरात फिलहाल छह अंकों के साथ छठे पायदान पर बनी हुई है। 
गुजरात की शुरुआत ही इस मुकाबले में खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर यह टीम साई सुदर्शन (0) का विकेट गंवा चुकी थी। अगले ओवर में उसे जोस बटलर (5) के रूप में दूसरा झटका लगा। यहां से वाशिंगटन सुंदर ने शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 20 गेंदों में 35 रन की साझेदारी की, लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही टीम फिर से लड़खड़ा गई। वाशिंगटन 17 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि शाहरुख खान ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। कप्तान शुभमन गिल ने 14 रन की पारी खेली। मुंबई की तरफ से 'इम्पैक्ट प्लेयर' के रूप में उतरे अश्विनी कुमार ने 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि गजनफर और मिचेल सेंटनर ने दो-दो विकेट निकाले। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता हाथ लगी।
इससे पहले, गुजरात के खिलाफ मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही थी और रबाडा ने पावरप्ले में ही मुंबई को तीन झटके दे दिए थे। रबाडा ने क्विंटन डिकॉक (13), दानिश मालेवर (2) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (15) को आउट कर मुंबई की पारी लड़खड़ा दी थी। तिलक ने इसके बाद नमन धीर के साथ मिलकर मुंबई की पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 52 रनों की साझेदारी की। नमन धीर के आउट होने के बाद तिलक और कप्तान हार्दिक पांड्या ने मुंबई के लिए बड़ी साझेदारी की। इन दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों पर 81 रन जोड़े जिसमें सबसे ज्यादा योगदान तिलक का ही रहा। हार्दिक अपना विकेट गंवा बैठे, लेकिन तिलक टिके रहे।
तिलक को मैच के दौरान चोट भी लग गई थी और फिजियो ने मैदान पर आकर उनका हालचाल जाना था। तिलक ने बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने हालांकि शुरुआत धीमी की थी और शुरुआती 22 गेंदों पर 19 रन ही बनाए थे। लेकिन इसके बाद तिलक ने गियर बदला और अगले 23 गेंदों पर 82 रन ठोक डाले। तिलक ने 45 गेंदों पर अपने आईपीएल करियर का पहला शतक पूरा किया। यह मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में किसी बल्लेबाज का संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक है। इससे पहले सनथ जयसूर्या ने 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इतने ही गेंदों पर मुंबई के लिए शतक लगाया था। तिलक ने कैमरन ग्रीन को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 47 गेंदों पर शतक लगाया था। गुजरात की तरफ से रबाडा ने तीन विकेट लिए जबकि सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता हाथ लगी।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper