"कल को कार पर भी रोक लगा देंगे!": चुनाव आयोग की पाबंदियों पर भड़का हाईकोर्ट, मांगा हलफनामा

  • Share on :

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी है। गुरुवार को पहले चरण का मतदान रिकॉर्ड वोटिंग के साथ संपन्न हुआ। इस बीच कलकत्ता हाईकोर्ट से एक खबर सामने आ रही है जो कि चुनाव आयोग की चिंता बढ़ा सकती है। हाईकोर्ट ने वोटिंग के दिन मोटरसाइकिलों पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर चुनाव आयोग पर कड़ी टिप्पणी की है। गुरुवार को जस्टिस कृष्णा राव ने आयोग से कहा, "आप अपनी सत्ता का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इस तरह से नागरिकों को परेशान किया जा रहा है।"
जज की इन टिप्पणियों के बाद चुनाव आयोग शुक्रवार यानी आज कोर्ट में एक हलफनामा पेश करेगा। इस हलफनामे में आयोग चुनाव से दो दिन पहले ये पाबंदियां लगाने के पीछे का कारण बताएगा। आयोग कोर्ट को उन पिछली घटनाओं के बारे में भी बता सकता है जिनमें मोटरसाइकिलों का गलत इस्तेमाल हुआ था।
गुरुवार को जस्टिस राव ने आयोग से आगे कहा, "आम नागरिकों के अधिकारों को इस तरह से कम नहीं किया जा सकता है। अगर यही तर्क है तो आपको कारों पर भी रोक लगा देनी चाहिए। आखिर लोग कारों का इस्तेमाल बम और बंदूकें ले जाने और दंगा भड़काने के लिए भी तो कर सकते हैं!" उन्होंने आगे कहा, "कोर्ट को दिखाएं कि पिछले पांच सालों में ऐसी कितनी घटनाएं हुई हैं जिनमें मोटरसाइकिल पर सवार गुटों ने हिंसा भड़काई हो? यह एक बहुत बड़ा कदम है। असल में चुनाव से दो दिन पहले ही सब कुछ ठप कर देता है। मैं फिर दोहराता हूं कि यह सब सिर्फ अधिकारियों की नाकामियों को छिपाने के लिए किया जा रहा है।"
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper