खरगोन में पर्यटन बोर्ड महिलाओं को दे रहा नाविक प्रशिक्षण

  • Share on :

खरगोन। खरगोन जिले के महेश्वर में बुधवार से मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड ने एक अनूठी पहल करते हुए महिलाओं को नाविक बनने का प्रशिक्षण देना शुरू किया है। एक निजी स्वयंसेवी संस्था वसुधा विकास संस्थान के जरिए यह अनूठा प्रयोग किया जा रहा है। जिसके तहत देवी अहिल्याबाई के किला अंतर्गत नर्मदा घाट पर महिलाओं को नाविक बनने के लिए इस अनूठे प्रशिक्षण की शुरुआत की गई। फिलहाल इसमें जिले की 20 महिलाओं ने भाग लिया है।
बुधवार को इस प्रशिक्षण के शुभांरभ समारोह में महेश्वर टीआई पंकज तिवारी ने बताया कि मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा यह बहुत ही अनोखी पहल की जा रही है। महेश्वर में यह महिलाओं के लिए नाविक प्रशिक्षण एक बहुत ही बड़ी उपलब्धि होगी। इससे उनका रोजगार भी मिलेगा। साथ ही साथ जो भी महिला पर्यटक अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर में घूमने आऐंगी, वे महिला नाविक के साथ नर्मदा घाट का बिना डरे व सुरक्षित महसूस करते हुए दर्शन कर पाएंगी। 
महिलाओं के नाविक प्रशिक्षण को लेकर महेश्वर तहसीलदार राकेश सस्तीया ने बताया कि महिलाओं को नाविक प्रशिक्षण के साथ-साथ स्टोरी टेलर की भी ट्रेनिंग दी जा रही है और वह भी बहुत महत्वपूर्ण है। इससे वे पर्यटकों को नर्मदा घाट के दर्शन के साथ-साथ महेश्वर का इतिहास भी बता पाएगी। साथ ही आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक उपचार सहित नौका संचालक का काम भी करते हुए ये दिखाई दे सकती हैं तो वहीं ये महिलाएं गाइड का रोल भी निभा सकेंगी । 
महिलाओं को प्रशिक्षण दे रही संस्था वसुधा विकास संस्थान की डायरेक्टर डॉ. गायत्री परिहार ने इस प्रशिक्षण को लेकर बताया कि महिलाओं के लिए यह एक अच्छा अवसर है, जब वे अपने निकट इस तरह का पहली बार महेश्वर में नाविक बनने का प्रशिक्षण लेने जा रही है। ये भविष्य में महिला पर्यटकों को नाव के माध्यम से नर्मदा घाट के दर्शन करा पाएगी। उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत महिलाओं को नाविक की तकनीकों के बारे में जानकारी देने के साथ ही उनका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके साथ ही इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर क्राइम, इंटरनेट सेफ्टी, महिला हेल्प लाइन, महिला डेस्क, वन स्टॉप सेंटर आदि के बारे में जागरूक करने के लिए सत्र आयोजित किए जाएंगे।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper