गुढी पाडवा पूर्व मराठी समाज की मुख्यमंत्री से पारंपरिक ‘गुढी भेट’
(उमेश थोरात प्रतिनिधि)
गुढी पाडवा के पावन अवसर के एक दिन पूर्व प्रदेशभर से आए मराठी समाज के प्रतिनिधियों ने राजधानी स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पारंपरिक ‘गुढी भेट’ अर्पित कर उन्हें गुढी पाडवा की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
बुधवार सुबह 10:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को विधिवत गुढी भेंट की गई। कार्यक्रम के दौरान जबलपुर के वारी ग्रुप के लगभग 30 सदस्यों ने ढोल-ताशा की आकर्षक प्रस्तुति दी, वहीं भोपाल के आई साहेब ग्रुप एवं दत्त मंदिर की 24 सदस्यीय महिला टीम ने पारंपरिक लेझीम प्रस्तुत कर सांस्कृतिक रंग बिखेरा।
प्रतिनिधियों ने मराठी संस्कृति और परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज की एकजुटता का संदेश दिया। प्रदेश की सौ वर्ष पुरानी मराठी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रमाणपत्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
मा.मुख्यमंत्रीजी ने सभी को गुढी पाडवा की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में भोपाल सहित इंदौर, सिवनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, दमोह, विदिशा, बैतूल एवं सीहोर आदि जिलों से आए समाज के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का आयोजन मराठी साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश सांस्कृतिक परिषद, भोपाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का सूत्रसंचालन माननीय सदानंद गोडबोले ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पार्षद प्रशांत बडवे ने किया।

