मेरठ के स्कूल में दर्दनाक हादसा: वॉशरूम में बेहोश मिला 7वीं का छात्र, मौत; हार्ट अटैक की आशंका
मेरठ. स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी. बच्चे अपने-अपने घर जाने के लिए स्कूल से बाहर निकल रहे थे और ई-रिक्शा चालक भी बच्चों को लेकर जाने की तैयारी में था. लेकिन कक्षा सात का 13 वर्षीय कुनाल शर्मा नजर नहीं आया. करीब 15 मिनट इंतजार के बाद जब ई-रिक्शा चालक उसकी तलाश में स्कूल के अंदर पहुंचा तो जो नजारा सामने आया, उससे हड़कंप मच गया. कुनाल स्कूल के वॉशरूम में गिरा पड़ा था. आनन-फानन में स्कूल के टीचर और परिजन बच्चे को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने कुनाल को मृत घोषित कर दिया. छात्र की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया. शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है. हालांकि मौत की सही वजह को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.
मामला मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र स्थित बसंत वैली पब्लिक स्कूल का है. सोमवार को रोज की तरह स्कूल में पढ़ाई चल रही थी. कक्षा सात में पढ़ने वाला 13 वर्षीय कुनाल शर्मा भी सुबह स्कूल पहुंचा था. कुनाल मवाना के मोहल्ला काबिली गेट, कलावदा रोड निवासी धर्मेंद्र शर्मा का बेटा था. परिजनों के मुताबिक वह रोजाना की तरह सोमवार को भी स्कूल गया था. छुट्टी के बाद उसे ई-रिक्शा से घर लौटना था. बताया गया कि छुट्टी होने के बाद ई-रिक्शा चालक दूसरे बच्चों के साथ कुनाल का भी इंतजार करता रहा. बच्चे बाहर आते गए, लेकिन काफी देर बीतने के बावजूद कुनाल स्कूल से बाहर नहीं आया. पहले चालक को लगा कि शायद बच्चा किसी काम से स्कूल में रुक गया होगा. करीब 15 मिनट इंतजार करने के बाद उसने खुद स्कूल के अंदर जाकर कुनाल की तलाश शुरू की.
साभार आज तक

