पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
पुलिस स्मृति दिवस पर डिंडोरी पुलिस ने वीर शहीदों को किया नमन, 154 शहीद पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस वीरों की स्मृति में पुलिस लाइन डिंडोरी में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम
शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित, पुलिस स्कॉट द्वारा श्रद्धांजलि दी गई
डिंडौरी। पुलिस लाइन डिण्डौरी में 21 अक्टूबर 2026 बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों एवं सुरक्षा बलों के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, डिंडोरी एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन सहित जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद जवानों की स्मृति में रीथ अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक कर्तव्यपालन के दौरान वीरगति प्राप्त करने वाले 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। इनमें मध्यप्रदेश के 09 तथा अन्य राज्यों के 145 पुलिसकर्मी शामिल हैं। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 2 मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन किया तथा उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।
क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सशस्त्र टुकड़ी द्वारा किए गए हमले में देश के 10 वीर पुलिस जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इन वीर जवानों की स्मृति तथा कर्तव्यपालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले समस्त पुलिसकर्मियों के सम्मान में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की सुरक्षा एवं नागरिकों की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का स्मरण कराता है।
पुलिस स्मृति परेड दल का नेतृत्व कंपनी कमांडर श्री गोकुल मरावी परेड सेकेंड कमांड सूबे कुंवर सिंह ओलड़ी ने किया। इस दौरान पुलिस स्क्वॉड ने भी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में कर्तव्यपालन के दौरान पूर्व में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने पुष्प अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद जवानों के त्याग, वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया। देश की सुरक्षा, शांति एवं नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका साहस और समर्पण पुलिस बल के प्रत्येक जवान को कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

