बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर से हड़कंप: जन्मदिन का जश्न बना मातम, दोस्तों ने ही तीन दोस्तों को उतारा मौत के घाट
बुलंदशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक जिम में जन्मदिन का जश्न मातम में बदल गया। मोहल्ला सुभाष रोड स्थित एक जिम में चल रही बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि बर्थडे बॉय और उसके साथियों ने अपने ही तीन दोस्तों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात देर रात करीब 12 बजे हुई। हमले में मनीष, आकाश और अमरदीप नाम के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रिपल मर्डर की इस वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि शनिवार देर रात खुर्जा के सुभाष रोड स्थित एक जिम में बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया था। चश्मदीदों की मानें तो पार्टी में डीजे की धुन पर नाच-गाना और हंसी-मजाक चल रहा था। इसी बीच, जश्न के दौरान मनीष, आकाश और अमरदीप ने बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया। महज इतनी सी बात पर जन्मदिन मना रहा युवक और उसके कुछ अन्य साथी आगबबूला हो गए। देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हुई और विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।
विवाद इतना बढ़ा कि बर्थडे बॉय और उसके गुट के युवकों ने तमंचे निकाल लिए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से जिम में भगदड़ मच गई। हमलावरों ने मनीष, आकाश और अमरदीप को निशाना बनाते हुए गोलियां बरसाईं, जिससे तीनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
अधिक खून बह जाने के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक साथ तीन हत्याओं की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस और आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के भी खुर्जा पहुंचने की सूचना है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
साभार अमर उजाला

