धर्मांतरण के लिए प्रलोभन देने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। दिनांक 23 अगस्त को थाना राणापुर पर फरियादी व्दारा लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम जुनागाँव, कोदर फलिया स्थित उसके घर पर पांगुसिहं वसुनिया तथा प्रेम वसुनिया निवासी ग्राम पुवाला व्दारा फरियादी एवं उसकी पुत्री को ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा गया तथा परिवार की परेशानियां दूर करने, प्रतिमाह ₹1,000 देने, कपड़े उपलब्ध कराने एवं परिवार का निःशुल्क उपचार कराने जैसे कथित प्रलोभन दिए गए। फरियादी ने बताया कि दोनों व्यक्तियों द्वारा धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया।
प्राप्त लिखित आवेदन एवं प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर थाना राणापुर पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 431/2026 मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 एवं 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी
1. पांगुसिंह पिता वेस्ता वसुनिया, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पुवाला
2. प्रेम पिता कालु वसुनिया, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पुवाला
0000
राखी मेला 2026 का शुभारंभ, सीईओ जिला पंचायत चौहान ने की खरीदारी
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), जिला पंचायत झाबुआ के अंतर्गत ग्रामीण स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए “राखी मेला 2026” का आयोजन सोमवार से आजीविका कला दीर्घा भवन, झाबुआ में प्रारंभ हुआ।
मेले में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान ने पहुंचकर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उनके द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
राखी मेला 24 से 27 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 7 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित राखियां, पूजन सामग्री, शुभ-लाभ, तोरण, सजावटी एवं हस्तशिल्प सामग्री, साड़ियां, सूट, कपड़े एवं जूट के बैग, पर्स, कलात्मक आभूषण, दोना-पत्तल, अगरबत्ती, झाड़ू, नारियल, पशु श्रृंगार सामग्री एवं पशु आहार सहित विभिन्न उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इसके साथ ही नमकीन, पापड़, मसाले, चिप्स, चाय पत्ती एवं अन्य खाद्य उत्पाद भी मेले में उपलब्ध हैं।
मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिला उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा “वोकल फॉर लोकल” की भावना को प्रोत्साहित करते हुए स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत द्वारा नागरिकों से मेले में पहुंचकर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी करने और महिला सशक्तिकरण में सहभागी बनने की अपील की गई है।

