बजाग में GPDP का दो दिवसीय क्लस्टरवार प्रशिक्षण प्रारंभ
ग्राम पंचायत विकास योजना के माध्यम से सहभागी एवं समग्र ग्राम विकास पर जोर
डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जनपद पंचायत बजाग में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) का दो दिवसीय क्लस्टरवार प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बजाग श्री सचिन अग्रवाल के निर्देशन में जनपद सभा कक्ष में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रथम दिवस 51 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में सहभागिता की।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर डॉ. विकास जैन ABF, आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम, नीति आयोग सुश्री सीता देवी ब्लॉक समन्वयक एवं सुश्री ज्योति पड़वार द्वारा GPDP के महत्व, निर्माण प्रक्रिया एवं ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही ग्राम सभा, महिला सभा, बाल सभा एवं वार्ड सभा के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं के चयन, संसाधन अभिसरण एवं सतत निगरानी के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में पंचायत उन्नति सूचकांक तथा ग्राम विकास के लिए निर्धारित 9 थीमों—गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका, स्वस्थ पंचायत, महिला हितैषी पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल समृद्ध पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर आधारभूत संरचना युक्त पंचायत, सामाजिक रूप से न्यायपूर्ण एवं सुरक्षित पंचायत तथा सुशासन युक्त पंचायत—पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में सहभागी नियोजन को मजबूत करते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी एवं समग्र विकास योजनाएं तैयार करना है।
शिवम् प्रजापति डिंडोरी

