नगरपालिका गेट के पास सरेराह महिला की दो पुरुषों ने की जमकर पिटाई, पार्षद तारा राठौर ने किया बीच-बचाव

  • Share on :

दिनदहाड़े महिला के साथ मारपीट का तमाशा देखते रहे लोग, बीच सड़क पर हुई घटना से मचा हड़कंप; पीड़िता पहुंची कोतवाली तो चंद मिनटों में नगरपालिका पहुंची पुलिस
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए, जब नगरपालिका गेट के पास दिनदहाड़े दो पुरुषों ने एक महिला के साथ जमकर मारपीट कर दी। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि महिला के साथ हो रही मारपीट के दौरान पार्षद तारा राठौर ने बीच-बचाव करते हुए उसे बचाने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगरपालिका गेट के पास अचानक दो पुरुष महिला के साथ मारपीट करने लगे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों को शुरुआत में समझ ही नहीं आया कि आखिर विवाद किस बात को लेकर हुआ है। सरेराह महिला के साथ हो रही मारपीट का दृश्य देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान पार्षद तारा राठौर ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराने और महिला को बचाने का प्रयास किया।

घटना के बाद पीड़ित महिला कोतवाली पहुंची और पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत रखी। बताया जा रहा है कि शिकायत की सूचना मिलते ही चंद मिनटों में पुलिस नगरपालिका परिसर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।

हालांकि, अभी तक महिला के साथ मारपीट की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह भी जांच का विषय है कि आखिर किन परिस्थितियों में दो पुरुषों ने सार्वजनिक स्थान पर महिला के साथ मारपीट की और विवाद की शुरुआत कैसे हुई।

सरेराह महिला से मारपीट ने खड़े किए सवाल
शहर के व्यस्त इलाके में नगरपालिका गेट के पास हुई इस घटना ने महिला सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दिनदहाड़े दो पुरुषों की इतनी हिम्मत कैसे हुई कि वे सरेराह एक महिला के साथ मारपीट करने लगे? अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और पीड़िता को कब न्याय मिलता है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper