लालबाग गणपति पंडाल के पास करंट फैलने से हादसा: दो लोगों की मौत, कई अस्पताल में भर्ती
मुंबई। मुंबई के लालबाग इलाके में गणपति उत्सव के दौरान रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। कालाचौकी इलाके में गणपति पंडाल के पास करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में आठ साल की बच्ची भी शामिल है। हादसा उस समय हुआ, जब लालबाग में गणपति उत्सव के चलते बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 2:20 बजे दत्ताराम लाड मार्ग पर कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुआ। घटना की सूचना मुंबई फायर ब्रिगेड को रात 2:42 बजे दी गई। इसके बाद दमकल, पुलिस, बेस्ट और नगर निगम के वार्ड कार्यालय की टीमें मौके पर पहुंचीं।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से मिली जानकारी के मुताबिक, पांच घायलों को भायखला के मसीना अस्पताल ले जाया गया। वहीं, अन्य घायलों को परेल के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में घायलों का इलाज शुरू किया गया।
साभार अमर उजाला

