शहडोल में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

  • Share on :

 एक मामले में डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद, दूसरे मामले में चोरी गए माल की तलाश जारी 
साहिल खान
शहडोल। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए एक 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य उर्फ आदर्श यादव, पिता शनि उर्फ बिल्लू यादव, निवासी घरौला मोहल्ला, शहडोल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 510/26 एवं 380/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में चोरी के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। घटनाओं के बाद से ही पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 15 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही आदित्य उर्फ आदर्श यादव को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक मामले में चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की है। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, दूसरे चोरी के मामले में अभी तक चोरी गया सामान बरामद नहीं हो सका है, जिसकी बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के निर्देशन में उपनिरीक्षक उपेंद्र त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक लालदास अहिरवार, प्रधान आरक्षक संजय सोनकर, लक्ष्मी पटेल, राजीव, मायाराम अहिरवार, गिरीश मिश्रा, सिद्धार्थ रैकवार एवं आरक्षक निर्मल मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper