पत्रकार को कट्टा दिखाकर जान से मारने की कोशिश, दो बाइक सवार अज्ञात लोगों पर आरोप
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। जिले के फतेहपुर निवासी पत्रकार धर्मेंद्र जाटव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि 23 जुलाई की रात कोलारस से लौटते समय करकरवाया से बड़ौदी सड़क के बीच दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया।
पत्रकार के अनुसार, जब उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी तो अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर कट्टा निकालकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पत्रकार धर्मेंद्र जाटव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई और स्वयं को सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में भी उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। पुलिस से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

