‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के तहत नरवर में हुआ ‘उद्यम संवाद’; स्वरोजगार एवं औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगी नई दिशा

  • Share on :

विधायक करैरा श्री खटीक व कलेक्टर श्री वर्मा की उपस्थिति में हुआ वृहद कार्यक्रम
शिवपुरी जिला ब्यूरो हेमंत भार्गव
शिवपुरी।  मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत प्रांगण नरवर में शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में ‘उद्यम संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में निवेश, स्वरोजगार तथा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा। 

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने आश्वस्त किया कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु पारदर्शी व्यवस्था के तहत कार्य किया जा रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उद्यमियों तथा युवाओं को उद्योग स्थापना व व्यवसाय विस्तार में हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।

उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव
कार्यक्रम के दौरान सफल हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। ‘उद्यम संवाद’ में विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित सफल उद्यमियों, व्यवसायियों एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए। जिसमें गिरिजेश बघेल ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि योजना की मदद से उन्होंने धान मिल, आटा चक्की का सफल संचालन शुरू किया है। फेरन कुशवाह ने बताया कि पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत 5.90 लाख रुपये का ऋण और 35 प्रतिशत सब्सिडी प्राप्त कर राहत के साथ अपना खाद्य प्रसंस्करण व्यवसाय शुरू किया। रणवीर कुशवाहा ने बताया कि पीएमईजीपी योजना के तहत ऋण प्राप्त कर टेंट हाउस का सफल व्यापार संचालित कर रहे हैं। बॉबी धानुक ने संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत थोक किराना दुकान व्यवसाय की शुरुआत कर आत्मनिर्भरता की राह चुनी।

खुशबू कुशवाह (स्व-सहायता समूह) ने बताया कि उन्हें बचपन से ज्वेलरी बनाने का शौक था, जिसे उन्होंने समूह से जुड़कर अपने मुख्य व्यवसाय में बदल लिया। लौड़ी माता स्व-सहायता समूह से जुड़ी रेखा जाटव निवासी ग्राम बरखाड़ी ने बताया कि उन्होंने 15 दीदियों को मिलाकर कंचन उत्पादक समूह का गठन किया है, जिससे सभी बहनें मिलकर आजीविका चला रही हैं। समता समन्वयक के रूप में  वह सक्रिय होकर काम कर रही हैं।

स्वरोजगार से औद्योगिक विकास को मिलेगी नई दिशा
कार्यक्रम में विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक ने उपस्थित नागरिकों व युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का उद्देश्य उद्योगों को बढ़ावा देना है। नरवर क्षेत्र में कृषि, प्रसंस्करण और कुटीर उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। प्रशासनिक स्तर पर पात्र हितग्राहियों को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से बैंकों से ऋण और सब्सिडी प्रदान की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से भी सफल उद्यमियों के उदाहरण सामने आ सकें। उद्यम संवाद में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री अजय तिवारी भी उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका पाल  सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी थी। जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकासखंड स्तरीय विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, बैंक प्रतिनिधि, विभिन्न स्व-सहायता समूहों की सदस्य तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक व हितग्राही उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper