यूनाइटेड कांशियस कॉन्क्लेव 2025 का शुभारंभ, मुख्यमंत्री यादव ने 22 देशों के प्रतिनिधियों का किया स्वागत

  • Share on :

उज्जैन। उज्जैन कालिदास अकादमी में आयोजित यूनाइटेड कॉन्शियस कॉन्क्लेव 2025 का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली किया। मुख्यमंत्री यादव ने शुभारंभ अवसर पर भगवान श्री महाकाल की आध्यात्मिक नगरी में विश्व के 22 देशों से यूनाइटेड कॉन्शियस कॉन्क्लेव (यूसीसी) में सनातन संस्कृति दर्शन पर चिंतन के लिए पधारे प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के साथ विश्व के सर्वमान्य नेता हैं। प्रधानमंत्री मोदी यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका में विश्व को युद्ध से बचाने वाले सनातन के मानवीय मूल्यों और भगवान बुद्ध के विचारों को विश्व पटल पर स्थापित कर रहे हैं। युद्ध, आतंकवाद और अन्य खतरों के बीच बिखरते विश्व में सनातन संस्कृति के मूल्यों से एकता और विश्व बंधुत्व को बढ़ावा देने का यूसीसी का यह प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के मूल्यों ने विश्व की कई सभ्यताओं को नवजीवन एवं संरक्षण प्रदान किया है। सनातन संस्कृति 'वासुदेव कुटुंबकम्' के ध्येय वाक्य को समाहित कर संपूर्ण वसुंधरा के जीवों को एक परिवार मानती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यूसीसी के 22 देशों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने देश से नदियों का जल लाकर बाबा श्री महाकाल के जलाभिषेक करने को विश्व की एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि नदियों की जलधारा प्रकृति और हमें जीवन देती है। सनातन संस्कृति के मूल्य हमें नदियों के प्रति कृतज्ञ बनाते हैं और उनके संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश देते हैं। यूसीसी का एकात्म चेतना का भाव अद्भुत है और आज के युद्ध के दौर में विश्व शांति की ओर अग्रसर करती है। एकात्म चेतना हम सभी को एक सूत्र में पिरोती है। भारत एवं भारतीय संस्कृति ने संपूर्ण विश्व को उसके कठिन समय में मार्गदर्शन प्रदान किया है। सनातन के इस महासंगम से यही कामना है कि इस संगम में जन्मे विचार विश्व को युद्ध से शांति और सद्भाव के मार्ग पर ले जाएंगे। यूसीसी के इस सनातन मूल्य आधारित चिंतन शिविर से सनातन जीवन मूल्य एवं विश्व में सह-अस्तित्व को बढ़ावा मिलेगा।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper