जेल से छूटते ही घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटा, पुलिस ने तीनों आरोपियों को भेजा जेल
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । जेल से रिहा होते ही मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को निवार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गत 5 अगस्त को फरियादी ने चौकी निवार (थाना माधवनगर) में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उसके घर में जबरन घुसकर लाठी-डंडों से गंभीर मारपीट की है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 754/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296(बी), 115(2), 351(2), 333, 118(1) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीकृत किया।
एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशों तथा एएसपी कमल मौर्य, डीएसपी शिवा पाठक व थाना प्रभारी संजय दुबे के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी स.उ.नि. अंजनी मिश्रा की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने 7 अगस्त को मामले के तीनों नामजद आरोपियों— हेतराम उर्फ बुद्धेश लुनिया (31), करन लुनिया (21) एवं अर्जुन लुनिया (19), सभी निवासी बिचपुरा शाहपुर—को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में स.उ.नि. अंजनी मिश्रा, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति और आरक्षक वकील यादव की सराहनीय भूमिका रही।

