उत्तराखंड: पीपलकोटी में THDC टनल में हादसा; 7 की मौत, 11 घायल, NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

  • Share on :

चमोली, उत्तराखंड। उत्तराखंड के चमोली जिले में एक निर्माणाधीन सुरंग में गुरुवार को पानी और मलबा घुसने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सुरंग के अंदर 28 श्रमिक फंस गए थे। इनमें से 22 लोगों को बाहर निकाल लिया गया जिनमें सात को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 11 घायल श्रमिकों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कम से कम 6 लोग अभी भी लापता हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा पीपलकोटी क्षेत्र में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (THDC) लिमिटेड की परियोजना स्थल पर हुआ। यहां निर्माण कार्य हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) द्वारा किया जा रहा है। इससे पहले उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया था कि पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग में पानी और मलबा घुसने से कई श्रमिक फंस गए थे।
NDRF के इंस्पेक्टर अमृत लाल मीणा ने बचाव अभियान की जानकारी देते हुए बताया, 'जैसे ही हमें सूचना मिली तो हमारी टीम मौके पर पहुंची और ऑपरेशन शुरू किया। टनल में बहुत ज्यादा पानी भरा हुआ था, पानी का स्तर छाती से ऊपर तक था। मैं और मेरी टीम के 5 सदस्य टनल के अंदर गए, जबकि हमारी यूनिट के बाकी लोग बाहर रहकर उपकरण तैयार करने और दूसरे काम संभालने में लगे रहे। हम पानी में से होकर आगे बढ़े और टीम के कुछ सदस्यों के पास पानी के अंदर ऑपरेशन करने के लिए खास उपकरण थे। चार शव पानी में डूबे हुए थे और ऊपर से दिखाई नहीं दे रहे थे, इसलिए हम अंदर गए और घटनास्थल से उन चारों शवों को बाहर निकाला।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper