‘हर घर तिरंगा’ अभियान में तिथिवार होंगी देशभक्ति से जुड़ी विविध गतिविधियां
9 से 17 अगस्त तक नगर निगम क्षेत्र में तिरंगा रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत तिथिवार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा जारी आदेश के अनुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त तक शहर में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा अभियान के सफल संचालन एवं समस्त व्यवस्थाओं के लिए उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को प्रभारी अधिकारी तथा प्रभारी सहायक यंत्री श्री आदेश जैन को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
9 से 11 अगस्त तक स्कूलों में दिखेगा तिरंगे के रंगों का उत्साह
अभियान के प्रथम चरण में 9 से 11 अगस्त तक नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच तिरंगा राखी, तिरंगा रंगोली, तिरंगा बुनाई, तिरंगा पेंटिंग, तिरंगे पर प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के साथ रचनात्मकता और राष्ट्रभावना को बढ़ावा दिया जाएगा।
9 से 15 अगस्त तक तिरंगा बिक्री स्टॉल और प्रदर्शनी
9 से 15 अगस्त तक नगर निगम कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से तिरंगा ध्वज बिक्री स्टॉल एवं तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य नागरिकों को अभियान से जोड़ते हुए प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
12 अगस्त को जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, अधिकारियों-कर्मचारियों, एनजीओ, प्रबुद्धजनों एवं समाजसेवियों की सहभागिता में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों एवं राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत वातावरण के साथ नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
13 अगस्त को प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक
देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए 13 अगस्त को शहर के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। इनके माध्यम से स्वतंत्रता, राष्ट्रध्वज के सम्मान और नागरिक कर्तव्यों का संदेश प्रभावी ढंग से दिया जाएगा।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
14 अगस्त को नगर निगम परिसर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान और पीड़ा को स्मरण किया जाएगा।
17 अगस्त को विद्यार्थियों के साथ तिरंगा संगीत कार्यक्रम
अभियान के समापन चरण में 17 अगस्त को नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता से तिरंगा संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत किया जाएगा।
व्यवस्थाओं के लिए निगम के विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां
अभियान के दौरान तिरंगा स्टॉल, यात्रा मार्ग, मंच, साउंड सिस्टम, माइक, पेयजल, सफाई, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा नगर निगम के विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा अस्थायी अतिक्रमण हटाकर सुगम मार्ग उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जाएगी।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करने तथा सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ अमले के साथ अभियान की गतिविधियों में अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से नगर निगम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी और राष्ट्रप्रेम के उत्सव के रूप में मनाते हुए कटनीवासियों को तिरंगा अपने घर पर फहराने के लिए प्रेरित करना है।

