आज हो सकती है मंत्रियों के साथ विभागों के बंटवारे पर चर्चा, बैठक आज

  • Share on :

भोपाल। मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की फुल कैबिनेट बैठक मंगलवार को मंत्रालय में होने वाली है। इसमें  मंत्रियों के साथ विभागों के बंटवारे पर चर्चा करेंगे। सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में भी बातचीत होगी। बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने 6 महीने के लिए कामकाज की गाइडलाइन तय की है, इस बारे में भी मंत्रियों को जानकारी दी जाएगी।
यह डॉ. मोहन यादव कैबिनेट की दूसरी बैठक है। 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के साथ पहली कैबिनेट मीटिंग की थी। मुख्यमंत्री आज शाम को ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा भी करने वाले हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट का विस्तार सोमवार को किया है। अब कुल मंत्रियों की संख्या बढक़र 31 हो गई है। सोमवार को 28 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। दो उप मुख्यमंत्रियों ने 13 दिसंबर को यादव के सीएम पद की शपथ लेने के साथ शपथ ग्रहण कर ली थी।
अब जबकि पूरी कैबिनेट गठित हो गई है तो  विभागों के बंटवारे का काम भी पूरा करने में जुटे हैं। यह तय है कि सामान्य प्रशासन विभाग अपने पास रखेंगे और बाकी विभागों को उप मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के बीच बांटेंगे।
विकसित भारत संकल्प यात्रा पर रहेगा जोर
विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेशभर में शुरू हो चुकी है। अब मंत्रियों की जिम्मेदारी तय होगी कि वे जिलों में विकसित भारत संकल्प यात्रा को सफल बनाने के लिए काम करें। इसके लिए लोगों से संवाद और उनको केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कहा जाएगा, ताकि चुनाव के पहले सभी लोकसभा क्षेत्रों में 100प्रतिशत हितग्राहियों को लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश के सभी संभागों में अपर मुख्य सचिव और अफसरों की ड्यूटी सामान्य प्रशासन और गृह विभाग द्वारा लगाई गई है। इनकी जिम्मेदारी होगी कि वे संभागों में दो महीने में एक बैठक करें और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिलों और संभागों का अपडेट लेते रहें। वे मुख्यमंत्री की संभागीय बैठकों में मौजूद रहें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper