आदिवासियों के हक और अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे – उमंग सिंघार
बिसलपुर में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब,
नेता प्रतिपक्ष का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत,
ग्रामीणों ने समस्याओं को लेकर सौंपे ज्ञापन
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
मेघनगर/झाबुआ। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शनिवार, 21 नवंबर को झाबुआ जिले के दौरे पर पहुंचे इस दौरान मेघनगर विकासखंड के ग्राम बिसलपुर में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जिले में आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का भव्य स्वागत किया। ग्रामीण अंचल में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर आदिवासी समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि हम हिंदू बन जाएं,लेकिन हम सदियों से राम-राम करते आ रहे हैं। हमारे दादा-परदादा भी राम-राम कहते आए हैं। हम आदिवासी भगवान राम को याद करते हैं, लेकिन भाजपा शबरी के वंशजों को भूलना चाहती है सिंघार ने कहा कि केवल जय-जय सियाराम के नारे लगवाने से आदिवासी समाज का विकास नहीं होगा। सरकार को यह भी देखना चाहिए कि जंगलों में रहने वाला आदिवासी किस तरह संघर्ष कर रहा है। उसकी जमीन किस तरह प्रभावित हो रही है,उसे गांवों से पलायन कर गुजरात जैसे राज्यों में मजदूरी के लिए जाना पड़ रहा है। कई गांवों में आज भी पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। क्या सरकार इन समस्याओं के बारे में सोचती है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति कर सत्ता हासिल करना चाहती है,लेकिन आदिवासी समाज की मूलभूत समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी समाज को अपने जल,जंगल और जमीन के अधिकारों के प्रति जागरूक रहना होगा। समाज के हक और अधिकारों की आवाज बुलंद करना समय की आवश्यकता है।नेता प्रतिपक्ष ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार वोट चोरी करके बनी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं और लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने समस्याओं को लेकर सौंपे ज्ञापन
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को ज्ञापन भी सौंपे। ग्रामीणों ने क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। नेता प्रतिपक्ष ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

