कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई साप्ताहिक जनसुनवाई, मौके पर किया समस्याओं का निराकरण
पति को खोने के बाद अकेली हुईं कन्याबाई, जनसुनवाई में कलेक्टर ने बढ़ाया मदद का हाथ
कलेक्टर ने गंभीरता से सुनी आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौके पर निराकरण योग्य प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विकासखंड करंजिया के ग्राम सुनपुरी रैयत के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि एवं स्कूल मैदान में अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। ग्रामीणों ने बताया कि खसरा नंबर 339 एवं 320 की कुल 2.55 हेक्टेयर भूमि के एक हिस्से में कुछ व्यक्तियों द्वारा मकान बनाकर निवास किया जा रहा है तथा शेष भूमि पर खेती की जा रही है। इससे स्कूली बच्चों के खेल मैदान तथा आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने एसडीएम बजाग को स्थल जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
मण्डला स्टेण्ड, डिंडौरी वार्ड क्रमांक 11 निवासी श्री संतोष कुमार मरावी ने किराने की दुकान में अचानक आग लगने से हुई क्षति के लिए सहायता राशि दिलाए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने तहसीलदार डिंडौरी को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत नारायणडीह के सरपंच ने साप्ताहिक हाट बाजार के लिए शासकीय भूमि खसरा नंबर 372, 373, 374, 376 एवं 377 का सीमांकन कराने का आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम पंचायत गोरखपुर के ग्रामीणों ने शासकीय विद्यालय, तालाब, सार्वजनिक रंगमंच एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार करंजिया को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम टिकरिया माल, विकासखण्ड शहपुरा निवासी श्रीमती कन्याबाई व्यौहार पति स्व. विष्णु प्रसाद झारिया ने सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदिका के पति स्व. विष्णु प्रसाद झारिया की नाला में मोटर लगाते समय आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। प्रकरण विद्युत विभाग के नियमानुसार सहायता हेतु पात्रता की श्रेणी में नहीं आने पर भी मानवीय संवेदनशीलता को प्राथमिकता देते हुए सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित अनुसूचित जाति आकस्मिक सहायता योजना के तहत कलेक्टर द्वारा श्रीमती कन्याबाई व्यौहार को 10 दस हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि “जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका परीक्षण करें और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।
जनसुनवाई में समस्या समाधान के साथ स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी मिली
जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में नागरिकों का रक्तचाप, मधुमेह सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नागरिकों को उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक परामर्श दिया तथा स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की। जनसुनवाई के साथ स्वास्थ्य सुविधा मिलने से आवेदकों को एक ही स्थान पर समस्या समाधान के साथ स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का भी लाभ मिला।

