बड़ी खबर: इंदौर में PWD सड़कों पर अवैध हाईट बैरियर लगाकर जनता का रास्ता रोका, एंबुलेंस-फायर ब्रिगेड अटकी; तुरंत कार्रवाई की उठी मांग!
दीपक वाड़ेकर
इंदौर। शहर के मांगलिया-सुल्लाखेड़ी रोड और महादेव सहारा रोड पर अवैध रूप से लगाए गए हाईट बैरियर (चैनल) के खिलाफ स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है। बिना किसी वैध अनुमति के डाले गए इन बैरियरों के कारण जनता का आवागमन ठप हो गया है और गंभीर आपातकालीन सेवाओं के रास्ते में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागरिकों ने जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपकर तत्काल बुलडोजर कार्रवाई और दोषियों पर शिकंजा कसने की मांग की है।
अवैध बैरियरों से जनता त्रस्त, तत्काल एक्शन की मांग:
एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की अटकी सांसें: शिकायत में यह बेहद गंभीर चेतावनी दी गई है कि इन बैरियरों के कारण एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहन मौके पर समय पर नहीं पहुँच पा रहे हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा जन-धन का नुकसान हो सकता है।

टोल बचाने का खेल या अवैध वसूली: स्थानीय लोगों ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि टोल संचालन व्यवस्था या किसी साजिश के तहत इन PWD सड़कों पर जानबूझकर हाइट बैरियर डाले गए हैं, ताकि वाहन चालकों को मजबूरन लंबे रास्तों से घूमकर गुजरना पड़े।
समय और धन की बर्बादी: इन अवैध अवरोधों के कारण रोजाना हजारों किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन को अल्टीमेटम: सूरज कुमावत सहित सैकड़ों आक्रोशित नागरिकों ने प्रशासन को चेताया है कि यदि इन 3 मीटर ऊंचे बैरियरों को तुरंत हटाकर रास्ता बहाल नहीं किया गया, तो जनता बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
अब देखना यह होगा कि कलेक्टर और पुलिस प्रशासन इस मनमाने रवैये पर कब तक सख्त एक्शन लेते हैं और अवैध बैरियर लगवाने वालों पर क्या गाज गिरती है?

