कलेक्टर और एसपी बने शिक्षक, तो कक्षा में खिल उठे बच्चों के चेहरे
पीएम श्री स्कूल कुआं में अधिकारियों ने पढ़ाया पाठ, सवाल पूछे, सही जवाब पर बांटी मिठाई
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने समझाई ‘हार की जीत’, एसपी श्री अभिनव विश्वकर्मा ने पढ़ाई ‘टू स्टोरीज अबाउट फ्लाइंग’
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी।पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल कुआं में शुक्रवार को नजारा कुछ अलग था। यहां जिले के दो वरिष्ठ अधिकारी कलेक्टर श्री आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव विश्वकर्मा अचानक शिक्षक की भूमिका में नजर आए। अधिकारियों को अपने बीच शिक्षक के रूप में देखकर विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और जिज्ञासा साफ दिखाई दी।
कलेक्टर की कक्षा में ‘हार की जीत’ की सीख
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए हिंदी और अंग्रेजी विषय के पाठ पढ़ाए। उन्होंने कक्षा 9वीं में हिंदी विषय की कहानी ‘हार की जीत’ को बेहद सहज और संवादात्मक अंदाज में समझाया।
पाठ पढ़ाने के साथ कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहानी के पात्रों, घटनाओं और उसके संदेश से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक जवाब दिए। जहां किसी विद्यार्थी को उत्तर देने में कठिनाई हुई, वहां कलेक्टर श्री तिवारी ने उसे सही उत्तर तक पहुंचने में मदद की।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि पढ़ाई केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का जरिया है।
सही जवाब पर मिली मिठाई, बढ़ा बच्चों का उत्साह
कक्षा में पढ़ाई के साथ माहौल में आत्मीयता और अपनापन भी देखने को मिला। सवालों के सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मिठाई देकर प्रोत्साहित किया। छात्रों को केला और बिस्किट भी वितरित किए गए।
सही जवाब पर मिली यह छोटी-सी मिठास विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशी बन गई। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और कक्षा में बढ़ता उत्साह यह बता रहा था कि जब पढ़ाई संवाद, प्रोत्साहन और अपनत्व के साथ होती है, तो सीखना और भी आनंददायक बन जाता है।
एसपी ने अंग्रेजी को बनाया आसान
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव विश्वकर्मा ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय के अध्याय-3 ‘Two Stories About Flying’ का पाठ पढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ के विषय और घटनाक्रम को सरल तरीके से समझाया तथा बीच-बीच में सवाल पूछकर उनकी समझ को परखा।
एसपी श्री विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए और उन्हें आत्मविश्वास के साथ पढ़ने तथा अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक को अपने बीच शिक्षक की भूमिका में देखकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
इस मौके पर वन मंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और एस डी एम श्री विवेक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

