किताबें लेने ससुराल पहुंची पत्नी से मारपीट, पति पर दूसरी महिला के साथ मिलकर पीटने का आरोप
चार माह से मायके में रह रही थी 26 वर्षीय महिला, पढ़ाई की किताबें लेने पहुंची थी पति के घर
राजेश धाकड़
इंदौर। तिलक नगर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब चार माह से पति से अलग रह रही 26 वर्षीय महिला अपनी पढ़ाई की किताबें लेने ससुराल पहुंची। महिला का आरोप है कि पति आकाश वर्मा ने एक अन्य महिला के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। घटना में महिला को चोटें आने की बात सामने आई है। मारपीट के बाद उसे घर से बाहर निकालने का भी आरोप है।
पीड़िता के मुताबिक, वह पिछले करीब चार माह से पति से अलग अपने माता-पिता के साथ रह रही है। उसकी पढ़ाई से संबंधित जरूरी किताबें पति के घर पर रखी थीं। 28 सितंबर को वह किताबें लेने ससुराल पहुंची थी। महिला का आरोप है कि उसके वहां पहुंचते ही पति ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
दूसरी महिला पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि जिस समय उसके साथ मारपीट की जा रही थी, उस दौरान एक अन्य महिला भी पति के साथ मौजूद थी। महिला के अनुसार पति और उक्त महिला ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर चोटें आईं। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।
शिकायत लेकर थाने पहुंची पीड़िता
घटना के बाद पीड़िता सीधे तिलक नगर थाने पहुंची और पति आकाश वर्मा सहित अन्य महिला के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता का कहना है कि वह केवल अपनी पढ़ाई की किताबें लेने के लिए पति के घर गई थी, लेकिन वहां उसके साथ मारपीट कर दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पीड़िता के बयान, चोटों से संबंधित दस्तावेज और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

