महिला एशिया कप: भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदा, लगाई जीत की हैट्रिक
दुबई। महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 68 गेंद रहते आसानी से 7 विकेट से हरा दिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 18.1 ओवरों में 55 रन पर सिमट गई। यह टीम का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर है। भारतीय टीम ने 8.4 ओवर में मैच को अपने नाम कर लिया। भारत ने टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक लगा दी है। वहीं पाकिस्तान का यह दूसरा मुकाबला था और टीम की पहली हार है।
सलामी जोड़ी के रूप में मुनीबा अली ने शवाल जुल्फिकार के साथ 4.3 ओवरों में 27 रन की साझेदारी की। मुनीबा 15 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी इस पारी में 1 चौका भी शामिल रहा। अगले ओवर में श्री चरणी ने गुल फिरोजा (0) और जुल्फिकार (14) का विकेट भी गंवा दिया। महज 29 के स्कोर तक टीम अपने 3 विकेट खो चुकी थी, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।
आलम ये रहा कि 35 के स्कोर तक पाकिस्तान के 6 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद उम्म-ए-हानी ने एमान फातिमा के साथ सातवें विकेट के लिए 24 गेंदों में 10 रन जुटाए, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद एक बार फिर टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। भारत के लिए श्री चरणी ने 4 ओवरों में 7 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि प्रेमा रावत ने इतने ही ओवरों में 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवरों में 5 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
भारत के लिए शेफाली वर्मा ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का मारा। दूसरे ओवर में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने दो विकेट झटक लिए। उन्होंने पहले शेफाली वर्मा को आउट किया। इसके बाद प्रतिका रावल का विकेट लिया। शेफली ने 6 गेंद पर 12 रन बनाए तो प्रतिका के बल्ले से 4 रन निकले। 11 गेंद पर 9 रन बनाकर स्मृति मंधाना भी फातिमा का शिकार बनीं। दीप्ति शर्मा और हरमनप्रीत कौर ने इसके बाद मिलकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। कप्तान हरमन ने छक्के से मैच फिनिश किया। उन्होंने 18 गेंद पर 18 रनों की पारी खेली। दीप्ति शर्मा ने 12 रनों की पारी खेली।
साभार नवभारत टाइम्स

