अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में मनाया गया महिला सम्मान समारोह
ब्यूरो रिपोर्ट ऋषि गोस्वामी शिवपुरी
शिवपुरी, 7 मार्च 2025/ मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की परियोजना महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल के अंतर्गत सहयोगी संस्था रागिनी फाउंडेशन द्वारा महिला सम्मान समारोह का होटल टूरिस्ट विलेज शिवपुरी में आयोजन किया गया। कार्यक्रम रागिनी फाउंडेशन की प्रमुख दीपा दीक्षित की अध्यक्षता में आरम्भ किया गया।
जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन एवं एडिशनल एसपी संजीव मुले व डॉ स्नेह लता दुबे सेक्रेटरी आईएमए मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही सहायक नोडल अधिकारी डीएटीसीसी सौरव गौड़ व सिंधिया ट्रस्ट के मैनेजर अशोक कुमार मोहिते और पर्यटन संवर्धन समिति के अध्यक्ष अरविंद तोमर उपस्थित रहे।
कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने विगत 3 वर्षों से जिले में रागिनी फाउंडेशन द्वारा किया जा रहे कार्यों की सरहाना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों के कारण लिंग अनुपात कम है। लेकिन सरकार के अथक प्रयासों से विगत वर्षों में शिवपुरी के अंदर महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बड़ी है। महिला उद्यमी जिले में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। बदरवास जैकेट का काम महिलाओं द्वारा ही किया जाता है और साथ ही टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त युवतियां भी शहर में कहीं न कहीं कार्य करती नजर आ जाती हैं।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने कहा कि किस प्रकार महिलाओं को सशक्त व सुरक्षित बनाने के लिए पुरुषों की भी अहम भूमिका है और इसके लिए पुरुषों को संस्कारवान बनाना कितना जरूरी है। जिस प्रकार महिलाओं के संस्कार की बात होती है, उसी प्रकार पुरुषों के संस्कार पर भी ध्यान देकर हम महिलाओं के लिए बराबरी के अवसर पैदा करने में सक्षम हो सकेंगे। इसी थीम पर मध्य प्रदेश पुलिस निरंतर कार्य कर रही है जिसे जिम्मेदार मर्दानगी मिशन का नाम दिया गया है। इसी के साथ पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी महिला प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया गया। उसके पश्चात जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन द्वारा महिला सशक्तिकरण व समाज के उत्थान में महिलाओं की भूमिका के बारे में वर्णन किया गया।
सर्वप्रथम रागिनी फाउंडेशन की अध्यक्षा दीपा दीक्षित द्वारा अतिथिगण का स्वागत किया गया। उन्होंने परियोजना संबंधी जानकारी उपस्थित सभी लोगों को दी।
इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस विभाग की महिला पुलिसकर्मियों, कला के क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं और पर्यटन क्षेत्र से जोड़ी महिलाओं का प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया गया। इसमें मुख्य रूप से महिला पुलिसकर्मी उप निरीक्षक प्रियंका शुक्ला, उपनिरीक्षक प्रियंका पाराशर, प्रधान आरक्षक रचना डोबराल, प्रधान आरक्षक प्रभावती लोधी व महिला आरक्षक रचना सोनार को प्रमाण पत्र द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही माधव नेशनल पार्क में कार्यरत महिला फॉरेस्ट गार्ड्स को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में माडना लोक कला कलाकार वंदना शिवहरे, महिला पत्रकार आरती जैन, सामाजिक कार्यकर्ता पिंकी गोस्वामी, पर्यटन जिला प्रभारी निशा शर्मा, गोबर कला आर्टिस्ट रचना राठौर, होमस्टे संचालिका विनीता तोमर को भी प्रमाण पत्र द्वारा सम्मानित किया गया।