महिला टी-20 विश्व कप: भारत ने पहली बार छुआ 200 का आंकड़ा, नीदरलैंड को 95 रनों से रौंदा

  • Share on :

महिला टी-20 विश्व कप 2026 के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने नीदरलैंड को 95 रनों से हरा दिया है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 209 रन बनाए थे और 210 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में नीदरलैंड की टीम 17.3 ओवर में 114 रनों पर ही सिमट गई।
टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 209 रन जुटाए। भारत ने महिला टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार 200 का आंकड़ा छुआ है। स्मृति मंधाना (74) और शेफाली वर्मा (55) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों ने 115 रनों की साझेदारी कर भारत को दमदार शुरुआत दिलाई। जेमिमा रोड्रिग्स ने 19 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 12 रनों का योगदान दिया। विकेटकीपर ऋचा घोष 20 और दीप्ति शर्मा 10 रन बनाकर नाबाद रहीं। नीदरलैंड के लिए कैरोलीन डे लांगे ने दो जबकि मायर्थे वैन डेन राड, हीदर सीगर्स और आइरिस ज्विलिंग ने एक-एक विकेट हासिल किया।
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की शुरुआत अच्छी रही लेकिन उसके बाद विकेट पर विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। नीदरलैंड की ओर से कप्तान डी लीड ने 28, कैलिस ने 18 और सलामी बल्लेबाज हीथर सीगर्स ने 21 रन बनाए। फीबे ने 15 रन बनाए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी पार नहीं कर सका और पूरी टीम 114 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से श्री चरणी ने चार ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। उन्होंने एक ही ओवर में 3 विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा ने आज के मैच में एक विकेट लिया। शेफाली वर्मा ने मैच में 3 विकेट हासिल किए। वहीं नंदिनी शर्मा को 2 विकेट मिले। भारत ने इस शानदार जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों से भिड़ने की तैयारी कर ली है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper