चेपॉक में 'येलो आर्मी' का दबदबा: चेन्नई ने मुंबई को 8 विकेट से रौंदा, ऋतुराज और कार्तिक चमके
चेन्नई। अंशुल कंबोज की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद ऋतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा की धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मुंबई इंडियंस पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। शनिवार को चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने नमन धीर की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने 18.1 ओवर में दो विकेट पर 160 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुंबई के लिए बुमराह और गजनफर ने एक-एक विकेट हासिल किया।
चेन्नई की यह मुंबई पर मौजूदा सत्र की दूसरी जीत है। इससे पहले ऋतुराज की टीम ने मुंबई इंडियंस को वानखेड़े स्टेडियम में 103 रनों से हराया था। वहीं, 2023 के बाद से चेन्नई ने मुंबई के खिलाफ सात में से छठी बार जीत दर्ज की। अंक तालिका में चेन्नई आठ अंक और 0.005 नेट रन रेट के साथ छठे पायदान पर पहुंच गई। वहीं, मुंबई लगातार तीन मुकाबलों में शिकस्त के साथ नौवें स्थान पर है।
चेन्नई को दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर संजू सैमसन के रूप में बड़ा झटका लगा। संजू नौ गेंदों में महज 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने उर्विल पटेल के साथ 22 गेंदों में 49 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 62 के स्कोर तक पहुंचाया।
उर्विल 12 गेंदों में दो छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा के साथ 75 गेंदों में 98 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। गायकवाड़ 48 गेंदों में दो छक्कों और पांच चौकों के साथ 67 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कार्तिक शर्मा ने 40 गेंदों में तीन छक्कों और चार चौकों के साथ 54 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से जसप्रीत बुमराह और एएम गजनफर ने एक-एक विकेट हासिल किया।
कार्तिक ने इस मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह चेन्नई के लिए आईपीएल में अर्धशतक बनाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 20 साल छह दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया। इससे पहले आयुष म्हात्रे ने 17 साल 291 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था।
इससे पहले, मुंबई को 1.2 ओवर में ही पहला झटका लगा। विल जैक्स (1) उस समय अपना विकेट गंवा बैठे, जब टीम के खाते में सिर्फ एक ही रन जुड़ सका था। यहां से नमन धीर ने रेयान रिकेल्टन के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 58 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। रिकेल्टन 24 गेंदों में पांच छक्कों के साथ 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद नमन ने सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 40 रन जुटाकर टीम को 99 के स्कोर तक पहुंचाया।
सूर्यकुमार 12 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान पांड्या ने मोर्चा संभालने की कोशिश की, उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 150 के पार पहुंचाया, लेकिन खुद 23 गेंदों में 18 रन से ज्यादा नहीं बना सके। नमन ने 37 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। चेन्नई की तरफ से अंशुल कंबोज ने 32 रन देकर तीन विकेट निकाले, जबकि नूर अहमद ने दो विकेट हासिल किए। रामकृष्ण घोष और जेमी ओवरटन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
साभार अमर उजाला
00

