युवा छात्र नेता शाहरुख पटेल ने सेवा कार्यों के साथ मनाया जन्मदिन
राजेश धाकड़
इंदौर। युवा छात्र नेता शाहरुख पटेल ने इस वर्ष अपना जन्मदिन समाजसेवा को समर्पित करते हुए एक अलग ही अंदाज़ में मनाया। जहां आमतौर पर जन्मदिन पार्टियों और जश्न के साथ मनाए जाते हैं, वहीं शाहरुख पटेल ने जरूरतमंदों की सेवा कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
अपने जन्मदिन के अवसर पर शाहरुख पटेल अपने साथियों के साथ अरविंदो हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने मित्रों सहित रक्तदान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने भी रक्तदान कर मानवता की सेवा का संकल्प लिया। शाहरुख पटेल ने कहा कि “रक्तदान महादान है और इससे बड़ा कोई उपहार नहीं हो सकता। यदि हमारे एक यूनिट रक्त से किसी की जान बचती है, तो यही जन्मदिन का सबसे बड़ा उत्सव है।”
रक्तदान के पश्चात शाहरुख पटेल और उनके साथियों ने मानव सेवा आश्रम पहुंचकर गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को भोजन करवाया। बच्चों के साथ केक काटकर उन्होंने खुशियां साझा कीं और उन्हें शिक्षा एवं संस्कारों के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम में उपस्थित मित्रों एवं समर्थकों ने शाहरुख पटेल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को इसी तरह समाजहित के कार्यों में आगे आना चाहिए।
शाहरुख पटेल ने अंत में कहा कि आगे भी वे सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखेंगे और जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उनके इस सेवा भाव से समाज में सकारात्मक संदेश गया है और युवाओं को समाजसेवा के प्रति प्रेरणा मिली है।

