किसानों की मांगों को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ, 7 अक्टूबर 2026 जिला युवा कांग्रेस के तत्वावधान में मंगलवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
युवा कांग्रेस ने सोयाबीन सहित अन्य फसलों के उचित दाम दिलाने, नर्मदा नदी का जल गांवों तक पहुंचाने तथा कम वर्षा के कारण प्रभावित हुई फसलों का सर्वे कर किसानों को उचित राहत एवं मुआवजा दिलाने की मांग रखी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन द्वारा समयबद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और एसडीएम के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा एवं बहस भी हुई। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर प्रशासन द्वारा उचित जवाब एवं कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगामी समय में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
वहीं, 6 अक्टूबर को राहुल गांधी द्वारा ज्ञानेश कुमार एवं निर्वाचन आयोग के संबंध में किए गए प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तारी को लेकर भी युवा कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस नेताओं ने इसे असंवैधानिक कार्रवाई बताते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और मामले में अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
जिला प्रभारी सद्दाम पटेल ने कहा कि प्रदेशभर में किसान विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। फसल के उचित दाम, मौसम की मार और सिंचाई जैसी समस्याओं के कारण किसानों की स्थिति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाना युवा कांग्रेस की प्राथमिकता है।
जिला अध्यक्ष नटवर डोडियार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय होने पर कार्यकर्ता सड़क से लेकर संबंधित विभागों तक पूरी ताकत के साथ उनकी लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन स्तर पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।
जिला अध्यक्ष एनएसयूआई नरवेश अमलियार द्वारा कहा गया कि देश में किसान देश की अर्थव्यस्था की नींव है उनके हकों का दोहन नहीं सहा जाएगा और आगामी समय में उग्र आंदोलन होगा।
इस कार्यक्रम में जिला कार्यकारिणी के सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें जिला प्रवक्ता अधिवक्ता लौकेन्द्र बिलवाल जिला महासचिव किलू भूरिया एवं गणेश मुनिया जिला सोशल मीडिया अध्यक्ष ओवेश खान, विधानसभा अध्यक्ष आकाश डामोर एवं अक्षय कामलिया विधानसभा उपाध्यक्ष एवं आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष आयुष ओहरी बोरी ब्लॉक अध्यक्ष अधिवक्ता बापू अजनार राणापुर ब्लॉक अध्यक्ष अनिल वसुनिया खवासा ब्लॉक अध्यक्ष गणेश मुनिया रामा ब्लॉक उपाध्यक्ष अजीत मोहनिया एवं धर्मेंद्र सोलंकी पुनीत भानपुरिया, महेश अमलियार,आशीष भूरिया एवं कमलेश बिलवाल, संतोष हटीला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

