24 घंटे... 4 आरोपी... ₹11.62 लाख की रिकवरी: शिवपुरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह को दबोचा
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। शिवपुरी पुलिस ने तेज कार्रवाई और तकनीकी जांच के दम पर महज 24 घंटे के भीतर शहर में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा कर दिया। देहात थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से जुड़े अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹11.62 लाख का मशरूका, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।
रात में टूटीं दुकानें, अगले दिन पुलिस ने खोला राज
10-11 जुलाई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने शिवपुरी शहर की कई दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और जांच शुरू कर दी गई।
मुखबिर की सूचना बनी गेम चेंजर
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक काले रंग की ब्रेजा कार (UP 14 GM 8497) में चार संदिग्ध गरिमा पेट्रोल पंप के पीछे पुराने खंडहर में छिपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने शिवपुरी के देहात और कोतवाली थाना क्षेत्र के साथ-साथ भोपाल में भी चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।
बरामदगी ने चौंकाया
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
315 बोर का एक अवैध कट्टा और 5 जिंदा कारतूस
₹27,156 नकद
लगभग ₹30,700 का किराना सामान
करीब ₹1 लाख के नए जींस-शर्ट
वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार (अनुमानित कीमत ₹10 लाख)
बरामद किया। कुल जब्ती का मूल्य करीब ₹11,62,856 बताया गया है।
चारों आरोपी गाजियाबाद के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
आस मोहम्मद (30)
कार्तिक शर्मा (24)
जबरूद्दीन खान (23)
आजाद खान (25)
के रूप में हुई है। सभी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी हैं।
टीमवर्क बना सफलता की कुंजी
इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास यादव, उपनिरीक्षक विनोद सिंह गुर्जर सहित देहात थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि अपराधी चाहे किसी भी राज्य से आएं, कानून की पकड़ से बचना आसान नहीं है।

