90 लाख नाम कटने के बाद 38 लाख अपीलें लंबित, सुप्रीम कोर्ट ने 22 लाख मामलों के त्वरित निपटारे का दिया आदेश

  • Share on :

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के नाम दोबारा शामिल कराने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि नाम बहाल कराने के लिए अपील करने वाले 22 लाख लोगों के मामलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई की जाए। राज्य में इस तरह की कुल 38 लाख अपीलें लंबित हैं।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची तथा जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि इन 22 लाख मामलों में भी कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्डों से जुड़े मामलों को पहले सुना जाना चाहिए। इसकी वजह आगामी नगर निकाय चुनाव हैं।
टइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से चुनाव आयोग के साथ विचार-विमर्श कर ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने को कहा है। फिलहाल ऐसे 19 ट्रिब्यूनल काम कर रहे हैं। कोर्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में लंबित अपीलों को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाना जरूरी है।
दरअसल, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 90 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। इन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या मृत घोषित किया गया था। इसके अलावा कुछ नामों को मैपिंग से जुड़ी ‘लॉजिकल विसंगति’ के आधार पर चिह्नित किया गया था। इसके बाद नाम हटाए जाने के खिलाफ 38 लाख अपीलें दाखिल की गईं। कोर्ट ने चुनाव आयोग से अलग-अलग स्थानों पर ट्रिब्यूनल के लिए अतिरिक्त जगह की व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि अपील करने वाले लोगों को वहां पहुंचने में परेशानी न हो।
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि एसआईआर के बाद दाखिल अपीलों पर सुनवाई के लिए गठित ट्रिब्यूनल अब तक करीब 1.4 लाख मामलों का निपटारा कर चुके हैं। इनमें 90 फीसदी से अधिक मामलों में अपील स्वीकार की गई और संबंधित लोगों के नाम मतदाता सूची में बहाल किए गए।
भूषण ने इसे बड़ी संख्या में मामलों से सामने आया अहम संकेत बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने नाम हटाए जाने के खिलाफ अपील की है, उन्हें आगामी चुनावों में मतदान करने की अनुमति दी जानी चाहिए। इसी दलील के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता नगर निगम के अलग-अलग वार्डों से संबंधित अपीलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई का निर्देश दिया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper