धार पुलिस में शामिल हुए 36 नए आरक्षक पुलिस अधीक्षक ने वितरित किए नियुक्ति प्रमाण पत्र

  • Share on :

दिलीप पाटीदार 
धार पुलिस परिवार में आज 36 नव चयनित आरक्षकों का स्वागत किया गया। पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 में चयनित अभ्यर्थियों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय धार स्थित सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। चयनित अभ्यर्थियों में 17 महिला एवं 19 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा द्वारा सभी नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उन्हें मध्यप्रदेश पुलिस परिवार का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक रोजगार नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र की सेवा का एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी नव आरक्षकों से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ करेंगे तथा पुलिस विभाग की गरिमा एवं जनता के विश्वास को सदैव बनाए रखेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं को समझते हुए उन्हें त्वरित सहायता एवं न्याय उपलब्ध कराना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। नव आरक्षकों को जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने एवं जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार श्री विजय डावर, रक्षित निरीक्षक श्री पुरुषोत्तम बिश्नोई सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नियुक्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के पश्चात सभी नव नियुक्त आरक्षकों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला। धार पुलिस परिवार की ओर से सभी नव आरक्षकों को उनके उज्ज्वल, सफल एवं गौरवपूर्ण पुलिस जीवन हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper