खुले मैदान में फैक्ट्री का कचरा फेंकने पर 50 हजार का स्पॉट फाइन
खुले में कचरा फेंकना पड़ा महंगा
राजेश धाकड़
इंदौर। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जोन 01 के वार्ड क्रमांक 16, स्कीम नंबर 155 स्थित खुले मैदान में फैक्ट्री द्वारा कचरा फेंकने का मामला सामने आया।
टीम बेसिक्स द्वारा क्षेत्र की मॉनिटरिंग के दौरान उक्त स्थान पर फैक्ट्री का कचरा पाए जाने पर जांच की गई। कचरे में मिले एविडेंस के आधार पर संबंधित फैक्ट्री की पहचान की गई और इसकी सूचना सीएसआई विवेक यादव को दी गई। मौके पर सीएसआई सत्येंद्र तोमर भी उपस्थित रहे।
नगर निगम की टीम द्वारा फैक्ट्री पर पहुंचकर मालिक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए 50,000 रुपये का स्पॉट फाइन किया गया। साथ ही फैक्ट्री संचालक को भविष्य में खुले में कचरा न फेंकने के लिए सख्त हिदायत और समझाइश दी गई।
इस कार्रवाई के दौरान बल्क सुपरवाइजर संजय भी मौके पर मौजूद रहे। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

