महाराष्ट्र की राजनीति में '500 करोड़' का भूचाल: जरांगे का दावा— शिंदे ने भाजपा से लिए पैसे; शिंदे ने दी सबूत देने की चुनौती
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में इस समय 500 करोड़ को लेकर भूचाल मचा हुआ है। यह सब शुरू हुआ है मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे के एक आरोप से। दरअसल मनोज जरांगे ने बीते मंगलवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर एक बहुत बड़ा आरोप लगा दिया। मनोज जरांगे ने दावा किया है कि शिंदे ने उनका आंदोलन खत्म कराने के लिए भाजपा से 500 करोड़ रुपये लिए थे। इस दावे से हड़कंप मच गया। शिंदे सेना ने एक तरफ जहां जरांगे से सबूत मांगा है, वहीं दूसरी तरफ पार्टी भाजपा से भी जवाब मांग रही है
इससे पहले मनोज जरांगे ने अपने आरोपों को साबित करने के लिए एक ऑडियो क्लिप भी सार्वजनिक किया है। इस ऑडियो क्लिप में दावा किया गया है कि 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान मनोज जरांगे को 'मैनेज' करने के लिए शिवसेना के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके सांसद बेटे श्रीकांत शिंदे को 500 करोड़ रुपये दिए गए थे।
इकॉनमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक दावा किया जा रहा है कि इस वायरल ऑडियो क्लिप में बीजेपी की एक महिला पदाधिकारी कथित तौर पर किसी से बात करते हुए यह दावा कर रही है कि दिल्ली के भाजपा के शीर्ष नेताओं ने जरांगे को मैनेज करने के लिए 500 करोड़ की रकम दी थी और पैसे पहुंच चुके हैं। लाइव हिन्दुस्तान ऑडियो के प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता।
मामला सामने आते ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि किसी को भी 500 करोड़ रुपये नहीं दिए गए। ना ही किसी ने लिए। उन्होंने मनोज जरांगे को चुनौती देते हुए यह भी कहा कि अगर उनके पास सबूत हैं तो जांच एजेंसियों को दें। शिंदे ने यह भी कहा है कि लोग हेडलाइन के लिए जानबूझकर उनका नाम लेते हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

