शनिवार सुबह गोवा में लैराई यात्रा में भगदड़ से 7 लोगों की मौत, करीब 50 श्रद्धालु घायल
पणजी। उत्तरी गोवा के शिरगांव में शनिवार सुबह एक धार्मिक यात्रा के दौरान मची भगदड़ में करीब 7 लोगों की मौत और करीब 50 लोग घायल हो गए हैं। हादसा श्री लैराई जात्रा के दौरान हुआ है। इस लौराई यात्रा में हर साल हजारों लोग शामिल होते हैं। हादसे में घायल हुए लोगों का हाल जानने के लिए सीएम प्रमोद सावंत घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। पीएम मोदी ने हादसे को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात की है और घटना पर दुख जताया है।
हादसे की जानकारी देते हुए उत्तरी गोवा के एसपी अक्षत कौशल ने बताया कि गोवा के शिरगांव में लैराई देवी मंदिर में भगदड़ मचने से छह लोगों की मौत हो गई और 45 से अधिक घायल हो गए। घायलों के उपचार के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब बड़ी की संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक श्री लैराई देवी की 'जात्रा' में भाग लेने के लिए इकट्ठा हुए थे। भारी भीड़ के बीच अचानक से अफरा-तफरी मच गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी दौरान कुछ लोग गिरकर कुचल गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्सव के लिए गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से हजारों श्रद्धालु मंदिर में एकत्र हुए थे। उन्होंने कहा कि भगदड़ का सही कारण जांच के बाद पता चलेगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अधिकारियों ने बताया कि भगदड़ में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई तथा कई श्रद्धालु घायल हो गए। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं जिनमें से आठ की हालत गंभीर है और दो को बम्बोलिम स्थित गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि आठ घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मामूली रूप से घायल 10 अन्य लोगों का उपचार किया गया। राणे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को संभालने के लिए तत्काल और व्यापक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, हमने 108 एंबुलेंस सेवा के साथ समन्वय किया और यह सुनिश्चित किया कि घटना के तुरंत बाद पांच एंबुलेंस घटनास्थल पर भेजी जाएं जबकि तीन और एंबुलेंस उत्तरी गोवा जिला अस्पताल में हैं।
राणे ने कहा कि अतिरिक्त चिकित्सकों को बुलाया गया है और वेंटिलेटर मशीनों की व्यवस्था के साथ एक समर्पित आईसीयू स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा, सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और हम प्रत्येक मरीज के स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी उत्तरी गोवा जिला अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने स्थिति का जायजा लेने के लिए उत्तरी गोवा के जिला अस्पातल और बिचोलिम अस्पताल का दौरा किया। सीएम ने घायलों से मुलाकात कर उनके इलाज की जानकारी ली। उन्होंने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। गोवा कांग्रेस ने शिरगांव की श्री लैराई देवी जात्रा में हुई भगदड़ पर दुख जताया है। पार्टी ने लिखा कि, हम इस दुखद घटना की निंदा करते हैं और अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
साभार अमर उजाला